AllCelebrity NewsChhattisgarhSpecial Story

हमर पहुना’ में अभिनेता रोहिताश्व गौड़ ने साझा किए ‘भाभी जी घर पर हैं’ से जुड़े अनुभव

‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में रोहिताश्व गौड़ ने पत्रकारों के सवालों के सहज और रोचक अंदाज में जवाब दिए।

Gen-Z के अधिकारों का समर्थन, अभद्र भाषा पर जताई आपत्ति; वेब सीरीज में सेंसरशिप की वकालत

रायपुर लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘भाभी जी घर पर हैं’ में मनमोहन तिवारी का चर्चित किरदार निभाने वाले अभिनेता रोहिताश्व गौड़ रविवार को रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में पहुना बनकर पहुंचे।

Rohitashv Gour
bhabhi ji ghar par hai fame chhattisgarh

इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से आत्मीय संवाद करते हुए अपने अभिनय सफर, मनमोहन तिवारी के किरदार के चयन से लेकर धारावाहिक की लोकप्रियता और बदलते मनोरंजन माध्यमों से जुड़े अनुभव साझा किए।

रोहिताश्व गौड़ ने अपने लोकप्रिय किरदार मनमोहन तिवारी के चयन से जुड़ी कहानी साझा करते हुए बताया कि किस तरह यह किरदार उनके अभिनय सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया। उन्होंने कहा कि ‘भाभी जी घर पर हैं’ को लगातार 11 वर्षों से दर्शकों का प्यार मिलने के पीछे इसकी सरल, सहज और पारिवारिक कॉमेडी प्रमुख वजह है।

धारावाहिक की कहानी गली-मोहल्ले के आम जीवन और रोजमर्रा की परिस्थितियों से जुड़ी होने के कारण दर्शक इससे आसानी से खुद को जोड़ पाते हैं।

रोहिताश्व गौड़ सातवें निर्मल पांडेय स्मृति फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने रायपुर पहुंचे हैं। इसी दौरान उन्हें रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में पत्रकारों से रूबरू होने का अवसर मिला।

अनीता-अंगूरी के किरदारों में बदलाव का भी पड़ा असर

रोहिताश्व गौड़ ने धारावाहिक में अनीता भाभी और अंगूरी भाभी के किरदार निभाने वाली अभिनेत्रियों में हुए बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक किसी किरदार को निभाने वाली अभिनेत्री के बदल जाने से दर्शकों का उस किरदार के साथ बना भावनात्मक जुड़ाव प्रभावित होता है।

कलाकार बदलने पर दर्शकों का किरदार से संपर्क कुछ हद तक टूटता है और इसका असर धारावाहिक की लोकप्रियता पर भी पड़ सकता है।
हालांकि उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि कलाकारों में बदलाव के बावजूद ‘भाभी जी घर पर हैं’ की विषय-वस्तु और इसके मूल किरदारों से दर्शकों का जुड़ाव आज भी बना हुआ है।

Gen-Z के प्रदर्शन को बताया अधिकार, भाषा पर जताई आपत्ति

वर्तमान समय में Gen-Z द्वारा अपनी मांगों को लेकर किए जा रहे प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए रोहिताश्व गौड़ ने कहा कि अपनी मांगों और अधिकारों के लिए आवाज उठाना युवाओं का अधिकार है। हालांकि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई।

उन्होंने कहा कि पिछली पीढ़ियों में भाषा और सामाजिक मर्यादा को लेकर विशेष ध्यान रखा जाता था। युवाओं को अपनी बात मजबूती से रखनी चाहिए, लेकिन भाषा की गरिमा और सामाजिक संस्कारों का ध्यान रखना भी जरूरी है।

वेब सीरीज में भाषा पर नियंत्रण और सेंसरशिप के पक्ष में
वेब सीरीज को सिनेमा और टेलीविजन के बाद मनोरंजन का नया और प्रभावशाली माध्यम बताते हुए रोहिताश्व गौड़ ने कहा कि इस माध्यम ने दर्शकों को मनोरंजन के नए विकल्प दिए हैं। हालांकि उन्होंने वेब सीरीज में इस्तेमाल होने वाली आपत्तिजनक भाषा को लेकर चिंता जताई और भाषा पर नियंत्रण तथा आवश्यक सेंसरशिप की जरूरत का समर्थन किया।

आसिफ शेख से दोस्ती और धारावाहिक की यादें साझा कीं
‘भाभी जी घर पर हैं’ में अपने लंबे सफर को याद करते हुए रोहिताश्व गौड़ ने कहा कि इस धारावाहिक ने उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार देने के साथ कई अच्छे रिश्ते भी दिए। उन्होंने धारावाहिक में विभूति नारायण का किरदार निभाने वाले अभिनेता आसिफ शेख को अपना करीबी मित्र बताया और उनके साथ जुड़ी कई आत्मीय यादें साझा कीं।


‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में रोहिताश्व गौड़ के साथ उनकी पत्नी रेखा गौड़ भी मौजूद रहीं।

इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश शर्मा एवं राजेंद्र निगम, मिनल शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य संदीप पुराणिक, जाकिर घुड़सेना, चंदन साहू, संतोष साहू, नीरज मिश्रा और संजीव सिन्हा उपस्थित रहे।

‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में रोहिताश्व गौड़ ने पत्रकारों के सवालों के सहज और रोचक अंदाज में जवाब दिए। कार्यक्रम में सिनेमा, टेलीविजन, अभिनय और बदलते मनोरंजन माध्यमों को लेकर सार्थक एवं आत्मीय संवाद हुआ।

Related Articles

Back to top button